अंतर्राष्ट्रीय कुरान न्यूज़ एजेंसी (IQNA) संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष दूत ने कहा कि म्यामांर के सैनिकों ने अल्पसंख्यक रोहिंग्या मुसलमानों के खिलाफ हिंसा के दौरान सुनियोजित रूप से निशाना बनाकर रोहिंग्या महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार किया। संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिनिधि प्रमिला ने बांग्लादेश के दक्षिणपूर्वी जिले कॉक्स बाजार का दौरा करने के बाद यह बात कही है।
संघर्ष में यौन हिंसा मामलों से जुड़ी संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिनिधि प्रमिला ने कहा कि इनमें से कई घटनाएं मानवता के खिलाफ अपराध हो सकते हैं। प्रमिला ने कहा, मैंने बलात्कार एवं सामूहिक बलात्कार की भयावह कहानियां सुनी हैं जिनमें बलात्कार के कारण कई महिलाओं और लड़कियों की जान गयी।
उन्होंने कहा कि मेरे आकलन के अनुसार व्यापक स्तर पर यातना की घटनाएं घटी हैं जिनमें जातीयता एवं धर्म के आधार पर सुनियोजित रूप रूप से निशाना बनायी गई रोहिंग्या महिलाओं एवं लड़कियों के खिलाफ हुई यौन हिंसा शामिल हैं।
प्रमिला ने कहा कि म्यामांर के उत्तरी प्रांत रखाइन में यौन हिंसा म्यामांर के सशस्त्र बलों के आदेश पर ही हुई। ज्ञात रहे कि पिछले दस हफ्तों में बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में 6,10,000 रोहिंग्या मुसलमान शरण ले चुके हैं।
parstoday